Newsछत्तीसगढ़मोहला-मानपुर

छत्तीसगढ़ के समस्त विभागों पर लगी रोक तुरंत हटाये सरकार-राजेन्द्र खंडेलवाल

छत्तीसगढ़ के समस्त विभागों में स्थानांतरण पर लगी रोक तुरंत हटाए सरकारः राजेन्द्रखण्डेलवाल

*कर्मचारी संघ ने उठाई मांग; प्रदेश के लाखों अधिकारी-कर्मचारियों को सामूहिक रूप से मिले बड़ी राहत ।
मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकीः छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष श्री राजेन्द्र खण्डेलवाल ने छत्तीसगढ़ सरकार से पुरजोर मांग की है कि राज्य में लंबे समय से शासन के समस्त विभागों में स्थानांतरण पर लगे प्रतिबंध को अब तुरंत शिथिल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न शासकीय विभागों में कार्यरत समस्त श्रेणी के अधिकारी एवं कर्मचारी पिछले कई वर्षों से एक ही स्थान पर अपनी सेवाएं देने को विवश हैं। पूरे प्रदेश में तबादलों पर पूर्ण प्रतिबंध होने के कारण लाखों अधिकारी-कर्मचारी गंभीर पारिवारिक समस्याओं, वृद्ध माता-पिता की देखरेख, स्वयं या परिवार की गंभीर बीमारियों और पति-पत्नी के अलग-अलग जिलों व दूरस्थ क्षेत्रों में पदस्थ होने के कारण भारी मानसिक, व्यावहारिक व आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं।


जिलाध्यक्ष श्री खण्डेलवाल ने पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश सरकार के हालिया फैसले का संदर्भ देते हुए कहा कि वहां कैबिनेट द्वारा वर्ष २०२६ की नई तबादला नीति को मंजूरी देकर जून माह में सीमित अवधि के लिए सभी विभागों से प्रतिबंध हटा दिया गया है। इसी मानवीय व व्यावहारिक दृष्टिकोण की तर्ज पर छत्तीसगढ़ की संवेदनशील सरकार को भी पूरे राज्य के समस्त शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों के व्यापक हित में जल्द ही स्थानांतरण खिड़की (ट्रांसफर विंडो) खोलने पर त्वरित निर्णय लेना चाहिए।
“प्रदेश के समस्त विभागों के अधिकारी व कर्मचारी पूरी निष्ठा के साथ शासकीय व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने और जनता की सेवा में दिन-रात मुस्तैद रहते हैं। उनके इन मानवीय पक्षों, स्वास्थ्यगत कारणों और व्यावहारिक प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए सरकार को ट्रांसफर से बैन हटाकर राहत प्रदान करनी चाहिए। शासकीय व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने के साथ-साथ कर्मचारियों का मानसिक रूप से तनावमुक्त होना भी राजहित व जनहित में परम आवश्यक है।”
श्री खण्डेलवाल ने आगे बताया कि छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के बैनर तले जल्द ही इस न्यायोचित मांग को लेकर माननीय मुख्यमंत्री, माननीय स्वास्थ्य मंत्री, समस्त विभागीय मंत्रियों और मुख्य सचिव के नाम एक विस्तृत व
औपचारिक ज्ञापन जिला प्रशासन के माध्यम से सौंपा जाएगा। संघ को पूर्ण विश्वास है कि संवेदनशील मुख्यमंत्री और राज्य का उच्च नेतृत्व प्रदेश के लाखों कर्मचारियों की इस सामूहिक व जायज समस्या पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय लेगा।
(राजेन्द्र खण्डेलवाल)
जिलाध्यक्ष
छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ
जिला – मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी (छ.ग.)
मोबा. नं.9424105376

मानपुर से जिब्राइल खान की रिपोर्ट

Back to top button
error: Content is protected !!