
एसआईआर कार्यों में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त
समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने, प्रतिदिन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश
मोहला, 7 जनवरी 2026।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती तुलिका प्रजापति ने निर्वाचन प्रक्रिया के अंतर्गत संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों की प्रगति का निरीक्षण करते हुए कार्य में लापरवाही पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि एसआईआर कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम मोहला एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्री हेमेंद्र भूआर्य भी उपस्थित रहे।

मानपुर एवं अंबागढ़ चौकी विकासखंड में निरीक्षण
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने मानपुर एवं अंबागढ़ चौकी विकासखंड अंतर्गत तहसील खड़गांव बीईओ कार्यालय मानपुर, जनपद पंचायत मानपुर, तहसील कार्यालय मानपुर, अनुविभागीय कार्यालय मानपुर तथा जनपद पंचायत अंबागढ़ चौकी का निरीक्षण किया। उन्होंने एसआईआर से संबंधित सभी आवेदन, रजिस्टर एवं अभिलेखों की गहन जांच की।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रतिदिन किए गए कार्यों की ऑनलाइन एवं ऑफलाइन रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए। अन्य राज्यों से संबंधित आवेदनों का तत्काल परीक्षण कर नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए।
दस्तावेज सत्यापन एवं आवेदकों से संवाद
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उपस्थित मतदाताओं से चर्चा कर अपूर्ण दस्तावेजों की जानकारी दी तथा अधिकारियों को दस्तावेज संकलन एवं प्रतिदिन प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए। कार्यालयों में आवेदकों के लिए उचित बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
दो दिवस में निराकरण एवं सूचना देने के निर्देश
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने कार्यालयीन कर्मचारियों का स्पष्ट कार्य-विभाजन कर दायित्व सौंपने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन निष्पादन, सुनवाई एवं अपलोडिंग की प्रक्रिया पूर्ण करते हुए अधिकतम दो दिवस के भीतर आवेदक को सूचना दी जाए। दस्तावेज सत्यापन हेतु आवेदकों को फोन के माध्यम से सूचित कर भूमि अभिलेख, निवास प्रमाण-पत्र, माता-पिता से संबंधित दस्तावेज एवं अन्य आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत कराने के निर्देश दिए गए। अपूर्ण दस्तावेजों वाले प्रकरणों में स्पष्ट जानकारी देकर शीघ्र पूर्ण कराने को कहा गया।
महाराष्ट्र से जुड़े प्रकरणों को प्राथमिकता
कलेक्टर ने महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों से संबंधित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने के निर्देश दिए। आवेदकों की अनुपस्थिति वाले मामलों में सूचना देकर तीसरी बार नोटिस चस्पा कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि एसआईआर कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जा सके।
फॉर्म-6 के माध्यम से पुनः आवेदन का प्रावधान
विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के दौरान जो मतदाता “Uncollectable” श्रेणी में दर्ज किए गए हैं, वे फॉर्म-6 के माध्यम से पुनः आवेदन कर सकते हैं। पात्र मतदाताओं को अपने क्षेत्र के बीएलओ को एक पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो के साथ निम्न में से किसी एक वैध दस्तावेज की प्रति संलग्न कर आवेदन प्रस्तुत करना होगा—
केंद्रीय/राज्य/पीएसयू कर्मचारी पहचान पत्र या पेंशन आदेश, जन्म प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, स्थायी निवास प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, वन अधिकार प्रमाण-पत्र, परिवार रजिस्टर, भूमि/मकान आवंटन प्रमाण-पत्र अथवा आयोग के निर्देशानुसार आधार संबंधी दस्तावेज।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने अंत में निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए एसआईआर कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए।
मोहला से योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट
Cannot collect videos from this channel. Please make sure this is a valid channel ID.
Error: No videos found.
Make sure this is a valid channel ID and that the channel has videos available on youtube.com.