Newsछत्तीसगढ़मोहला

मोहला में वैचारिक संगोष्ठी, स्मारिका विमोचन, सम्मान  एवं कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन

मोहला में वैचारिक संगोष्ठी, स्मारिका विमोचन, सम्मान एवं कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन
मोहला।
वनांचल साहित्य सृजन समिति, मोहला के तत्वावधान में समिति के सातवें स्थापनोत्सव के अवसर पर दिनांक 18 जनवरी 2026 को वैचारिक संगोष्ठी, स्मारिका विमोचन, सम्मान समारोह एवं कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में साहित्य, संस्कृति एवं सामाजिक सरोकारों का प्रभावशाली समन्वय देखने को मिला।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में “स्वतंत्रता संग्राम में छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता सेनानी” विषय पर वैचारिक संगोष्ठी आयोजित की गई। संगोष्ठी का आधार वक्तव्य समिति के सचिव जितेंद्र पटेल ने प्रस्तुत किया। आमंत्रित वक्ताओं के रूप में साकेत साहित्य परिषद सुरगी के अध्यक्ष ओमप्रकाश साहू ‘अंकुर’ तथा मधुर साहित्य परिषद डौंडी लोहारा के अध्यक्ष डॉ. अशोक आकाश ने विषय पर सारगर्भित व्याख्यान देते हुए ऐतिहासिक तथ्यों से श्रोताओं को अवगत कराया।
इस अवसर पर समिति एवं विभिन्न साहित्यकारों द्वारा रचित रचनाओं के साझा संकलन स्मारिका का विधिवत विमोचन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह रहीं, जबकि अध्यक्षता डॉ. इकबाल खान ‘तन्हा’ ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में लक्ष्मेंद्र शाह, नारायण लाल खंडेलवाल, संजय जैन, रामस्वरूप खंडेलवाल, सरपंच गजेंद्र पुरामें, दिलीप सिगने सहित अनेक वरिष्ठ साहित्यकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह में साहित्य एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। साहित्य के क्षेत्र में प्रसिद्ध साहित्यकार, निबंधकार, अनुवादक एवं समीक्षक कुबेर सिंह साहू को स्व. लाल श्याम शाह स्मृति सम्मान प्रदान किया गया। वहीं डॉ. इकबाल खान ‘तन्हा’ को वनांचल साहित्य सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया।
पर्यावरण संरक्षण के लिए भीम देव वर्मा (केशव बस चालक) को वनांचल पर्यावरण दूत सम्मान, शिक्षा के क्षेत्र में राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त व्याख्याता संजय देवांगन को उत्कृष्ट वनांचल शिक्षक सम्मान, कु. संजना यादव को उत्कृष्ट वनांचल शैक्षिक प्रतिभा सम्मान तथा कु. स्नेहा नेताम को उत्कृष्ट वनांचल क्रीड़ा प्रतिभा सम्मान प्रदान किया गया। नारी सशक्तिकरण के लिए मां संतोषी स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित “मां की रोटी” को ज्योतिबा फुले वनांचल नारी सम्मान से नवाजा गया।


साहित्योत्सव के दौरान राजभाषा आयोग छत्तीसगढ़ एवं अंचल के साहित्यकारों द्वारा प्रकाशित पुस्तकों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। प्रदर्शनी के प्रभारी डॉ. अमित कुमार गुप्ता रहे, जिसका साहित्य प्रेमियों ने भरपूर लाभ उठाया।
समापन सत्र में आयोजित सबरस कवि सम्मेलन में कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि विधायक इंद्रशाह मंडावी ने कवि सम्मेलन का आनंद लेते हुए साहित्यकारों को शुभकामनाएं दीं तथा समाज के उत्थान में साहित्य की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर उन्होंने वनांचल साहित्य सृजन समिति, मोहला को साहित्य भवन की सौगात भी दी। विधायक मंडावी के जन्मदिवस के अवसर पर उपस्थित साहित्यकारों ने उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
कवि सम्मेलन की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार अखिलेश्वर प्रसाद मिश्रा ‘अकाट्य’ ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में देवानंद कौशिक (उपाध्यक्ष, जनपद पंचायत मानपुर) सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कवि सम्मेलन में हबीब खान ‘समर’, सुशील यादव, नुरुस्सबाह खान ‘शबा’, फरीदा अंसारी, नौशाद सिद्दीकी, बेद राम पटेल, श्रवण डहरे, महेंद्र बघेल ‘मधु’, वीरेंद्र तिवारी ‘वीरू’, मनीष साहू ‘मन’ सहित अंचल व राज्य के विभिन्न स्थानों से पधारे कवियों ने काव्य पाठ किया।

मोहला से योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट

Back to top button
error: Content is protected !!