21 नक्सलियों ने हथियार त्यागकर मुख्यधारा में की वापसी – उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने जताया हर्ष“बस्तर की जनता के मनोअनुकूल निर्णय लेने वालों का स्वागत है” – उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा
मोहला/मानपुर
26 अक्टूबर 2025।
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने आज अपने निवास कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि बस्तर रेंज के केशकल डिवीजन (नॉर्थ सब ज़ोनल ब्यूरो) अंतर्गत आने वाले कुएंमारी एवं किसकोडो एरिया कमेटी से जुड़े 21 सशस्त्र नक्सलियों ने आज हथियार और हिंसा का मार्ग त्यागकर सम्मानपूर्वक पुनर्वास का मार्ग चुना है।
यह निर्णय प्रदेश के लिए अत्यंत हर्ष और गर्व का विषय है।
इन 21 माओवादी कैडरों में 13 महिला और 8 पुरुष शामिल हैं, जिनके पास से कुल 18 हथियार बरामद हुए हैं — जिनमें 03 एके-47 रायफल, 04 एसएलआर, 02 इंसास रायफल, 06 .303 रायफल, 02 सिंगल शॉट रायफल तथा 01 बीजीएल हथियार सम्मिलित हैं।
पुनर्वास करने वालों में 4 डिवीजन वाइस कमेटी मेंबर (DVCM), 9 एरिया कमेटी मेंबर (ACM) और 8 पार्टी सदस्य शामिल हैं। इनमें डिवीजन कमेटी सेक्रेटरी मुकेश का नाम प्रमुख है।
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि –
“प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह तथा मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में बनाई गई संवेदनशील पुनर्वास नीति और रणनीति का ही परिणाम है कि आज माओवादी लगातार हिंसा का मार्ग छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौट रहे हैं।”
उन्होंने बताया कि इससे पहले 210 माओवादी पुनर्वास का मार्ग चुन चुके हैं, और अब इन 21 नक्सलियों का आत्मसमर्पण इस दिशा में एक और बड़ी सफलता है।
श्री शर्मा ने कहा —
“जो हिंसा का मार्ग त्याग रहे हैं, शासन उनका लाल कालीन बिछाकर स्वागत करेगा; लेकिन जो अब भी हिंसा पर आमादा हैं, उनके खिलाफ नक्सल ऑपरेशन और अधिक दृढ़ता से जारी रहेंगे। बस्तर को लाल आतंक से मुक्त कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम और उत्तर बस्तर में अब स्थिति काफी सुधरी और स्थिर हो चुकी है, जबकि दक्षिण बस्तर में भी लगातार प्रयास जारी हैं ताकि शेष माओवादी भी आत्मसमर्पण कर लोकतांत्रिक व्यवस्था के सहयोगी बनें और समाज के निर्माण में योगदान दें।
भारतीय नस्ल के श्वानों की सराहना
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ के 127वें संस्करण में भारतीय नस्ल के श्वानों की उपलब्धियों का विशेष उल्लेख किए जाने पर उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने हर्ष और गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा —
“यह प्रधानमंत्री श्री मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान का उत्कृष्ट उदाहरण है। नक्सल मोर्चे पर भारतीय नस्ल के प्रशिक्षित श्वान सुरक्षा बलों के सशक्त सहयोगी बने हैं।”
उन्होंने बताया कि हाल ही में एक देशी श्वान ने 8 किलो आईईडी विस्फोटक का सफलतापूर्वक पता लगाया, जो सुरक्षा बलों के लिए बड़ी उपलब्धि है।
उपमुख्यमंत्री ने सुरक्षा बलों के उन जवानों को भी बधाई दी जिन्होंने इन देशी नस्ल के श्वानों को प्रशिक्षण देकर दक्ष बनाया है।
अम्बिकापुर के ‘गार्बेज कैफे’ पहल की प्रशंसा
श्री शर्मा ने अम्बिकापुर को “प्लास्टिक मुक्त शहर” बनाने के लिए किए जा रहे अभिनव प्रयोग ‘गार्बेज कैफे’ की सराहना की और कहा कि यह पहल छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है।
मानपुर से – जिब्राईल खान की विशेष रिपोर्ट