सामुदायिक पुलिस कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस जनसंवाद को मिली मजबूती।

मानपुर | सामुदायिक पुलिस कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस-जन संवाद को मिली मजबूती
मानपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मरकेली के आश्रित ग्राम में बुधवार, 14 जनवरी को सामुदायिक पुलिस कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन के बीच आपसी विश्वास, सहयोग और संवाद को सशक्त बनाना रहा।
इस अवसर पर मोहला–मानपुर–अंबागढ़ चौकी जिले के पुलिस अधीक्षक श्री वाय. पी. सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ मानपुर थाना प्रभारी (टी.आई.) श्री बृजेश सिन्हा, ग्राम पंचायत मरकेली की सरपंच श्रीमती फूलमा बाई उसारे, जनपद सदस्य श्री राजू राम पोटाई, देवसाय तुलवी, सर्कल मरकेली सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री वाय. पी. सिंह ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग का मूल उद्देश्य पुलिस और आम नागरिकों के बीच की दूरी को कम करना है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि, अपराध या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना बिना भय के पुलिस को दें। पुलिस आपकी सुरक्षा और सेवा के लिए सदैव तत्पर है।
टी.आई. श्री बृजेश सिन्हा ने उपस्थित ग्रामीणों को कानून व्यवस्था, नशा मुक्ति, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव तथा आपसी सहयोग की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाज की सहभागिता से ही अपराधमुक्त और सुरक्षित वातावरण का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं, सुझाव एवं अनुभव साझा किए, जिनका पुलिस अधिकारियों ने गंभीरता से संज्ञान लिया और त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। जनप्रतिनिधियों ने सामुदायिक पुलिस कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अत्यंत उपयोगी पहल बताया।
अंत में पुलिस प्रशासन और ग्रामीणों के बीच आपसी सहयोग और संवाद को और मजबूत करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
मानपुर से जिब्राइल खान की रिपोर्ट