कलेक्टर एवं अधिकारियों ने किया
शासकीय रोपणी अरमूरकसा का निरीक्षण।

कलेक्टर एवं अधिकारियों ने किया
शासकीय रोपणी अरमूरकसा का निरीक्षण।
रोपणी में बह रहे नाले में जल संरक्षण के समुचित उपाय करने तथा चीकू आदि फलदार पौधों का पर्याप्त मात्रा में रोपण करने के दिए निर्देश
बालोद, 02 जून 2023
कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव एवं वनमण्डलाधिकारी श्री आयुष जैन ने अधिकारियों के साथ गुरूवार 01 जून को जिले के डौण्डी विकासखण्ड के अरमूरकसा स्थित शासकीय रोपणी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर ने शासकीय रोपणी अरमूरकसा के समूचित रखरखाव की सराहना भी की। इस दौरान अधिकारियों ने इस हाईटेक रोपणी में मिनी प्लग टाइप शीडलिंग यूनिट तथा रोपणी में बह रहे नाले में जल संरक्षण हेतु निर्मित मिनी चेक डेम के अलावा रोपे गए विभिन्न पौधों का अवलोकन किया।


श्री शर्मा ने अधिकारियों को रोपणी में बह रहे नाले में जल संरक्षण के समूचित उपाय करने तथा रोपणी में चीकू आदि फलदार पौधों का पर्याप्त मात्रा में रोपण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने उद्यानिकी विभाग के सहायक संचालक श्री गौतम से रोपणी में रोपे गए पौधों के प्रजातियों के संबंध में जानकारी ली। उद्यानिकी विभाग के सहायक संचालक ने रोपणी में अमरूद, बेर, आम, नीबू, कटहल, नारियल आदि विभिन्न फलदार पौधों के अलावा फूल एवं बड़ी संख्या में औषधि पेड़-पौधों के रोपण करने की जानकारी दी। इस दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. रेणुका श्रीवास्तव, एसडीएम श्रीमती शीतल बंसल सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
क्रमांक/104/ठाकुर