
मोहला। जिला मुख्यालय मोहला स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में संप्त शक्ति संगम कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई।
कार्यक्रम को स्वामी आत्मानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोहला की प्राचार्या सीमा वर्मा ने संबोधित करते हुये कहा कि भारतीय इतिहास में महिलाओं का योगदान सदैव महत्वपूर्ण रहा है। वहीं हाईस्कूल हथरा की व्याख्याता तृप्ति वैष्णव ने अपने उद्बोधन में कहा कि नारी धैर्य, सहनशीलता और आत्मविश्वास की प्रतीक होती है।












संप्त शक्ति संगम जिला संयोजिका बूंदा वर्मा ने बताया कि उन्हें चार जिलों की संयोजिका का दायित्व मिला है। उन्होंने कहा कि जिले में महिलाओं की भागीदारी को मजबूत करने की आवश्यकता है। स्वयं सहायता समूह में उत्कृष्ट कार्य कर राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त करने वाली श्रीमति फूलबासन यादव का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनके मार्ग पर चलकर आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा देश के विकास में योगदान देने वाली महान महिलाओं की झांकी निकाली गई, जिसे उपस्थित जनों ने सराहा। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। महिलाओं के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को उपहार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने व समाज में अग्रणी भूमिका निभाने की शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर बूंदा वर्मा, सीमा वर्मा, सरस्वती ठाकुर, तृप्ति वैष्णव, सविता यादव, विद्यालय की शिक्षिकाएँ तथा सैकड़ों महिलाएँ उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का संचालन रिजवाना शेख और बुद्ध मित्रा ने किया तथा आभार प्रदर्शन मोनिका ब्यौहरे द्वारा किया गया।




- मोहला से योगेन्द्र सिंगने की विशेष रिपोर्ट*