श्रमिक संगठन की आड़ में लाखों का फर्जीवाड़ा… उठने लगी जांच की मांग

*श्रमिक संगठन की आड़ में लाखों का फर्जीवाड़ा
मोहला/खड़गांव
खड़गाँव क्षेत्र में चल रही अनियमितताओं की ओर पूर्व जिला पंचायत सदस्य मानसिंग टेकाम ने जानकारी देते हुये कहा कि, क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों द्वारा स्थानीय माइंस में श्रमिक संगठन का पंजीयन कराकर, बाहरी ट्रकों से परिवहन कार्य करवाकर उन्हें आर्थिक लाभ पहुँचाने और विभिन्न माइंस में लोडिंग की पर्ची फर्जी तरीके से प्रदान करने की गंभीर शिकायतें प्राप्त हुई हैं।




प्राप्त जानकारी के अनुसार, ‘लाट मेटा श्रमिक संघ’ (पंजीयन क्रमांक 116392) के नाम पर क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक प्रतिनिधि बालचंद कोरेटी तथा कांग्रेस के कुछ प्रमुख पदाधिकारियों ने सुनियोजित तरीके से एक संगठन तैयार किया है। इन्होंने गोदावरी माइंस में उत्पादित स्पंज आयरन को रायपुर (सिलतरा) तक परिवहन करने का 50% ठेका लिया है। स्वयं के ट्रक न होने के बावजूद, अन्य जिलों के ट्रकों को प्राथमिकता देते हुए अनुचित तथा अवैध ढंग से परिवहन कार्य अबाध गति से किया जा रहा है।
चूंकि परिवहन कार्य में लगे ट्रकों को लोडिंग किसी परिवहन संघ के माध्यम से जारी की गई पर्ची के आधार पर दी जानी होती है, इसके लिए विभिन्न प्रकार की फर्जी पर्चियों का उपयोग किया जा रहा है। संलग्न पर्चियों में ‘मोहला मानपुर परिवहन संघ’ का भी नाम है, जिस संस्था का विगत 6 वर्षों से नवीनीकरण (ऑडिट) नहीं किया गया है। इस संस्था के पदाधिकारियों पर फर्जीवाड़ा करने, आय का ब्यौरा प्रस्तुत न करने और मनमानी करने, जिले के स्थानीय ट्रक मालिकों को परिवहन मे स्थान न मिलने,जैसे आरोपों की शिकायत 3 वर्ष पूर्व सदस्यों द्वारा की जा चुकी है, जिसकी विवेचना अभी जारी है।
कुछ दिन पूर्व ट्रक मालिकों द्वारा भी शिकायत को लेकर जिला कलेक्टर व जिला पुलिस अधिक्षक को निष्पक्ष जाँच हेतु आवेदन दिया गया है।
बहरहाल जांच मे क्या कार्यवाही होगी। यह आनेवाला समय बतलायेगा। लेकिन शिकायत को लेकर प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री मंत्री व गृहमंत्री तक मिलने की जानकारी दी है।
मोहला से योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट