
छत्तीसगढ़ का ‘संकल्प’ बजट: विकसित राज्य की दिशा में मील का पत्थर, भाजपा नेता चेतन साहू ने की सराहना
: छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पेश किए गए 1.72 लाख करोड़ रुपये के वार्षिक बजट को भाजपा नेता चेतन साहू ने ऐतिहासिक और राज्य की तस्वीर बदलने वाला बताया है। उन्होंने इसे एक ‘संकल्प बजट’ की संज्ञा देते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और आमजन के जीवन में समृद्धि लाने वाला ठोस दस्तावेज है। बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए चेतन साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी की कुशलता से तैयार यह बजट राज्य के सर्वांगीण विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा, “यह बजट पूर्णतः जन-केंद्रित और विकासोन्मुख है। भाजपा

सरकार ने यह सिद्ध कर दिया है कि वह न केवल वर्तमान की समस्याओं का समाधान करना जानती है, बल्कि भविष्य की आकांक्षाओं को साकार करने की दृष्टि भी रखती है।” साहू ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछला कार्यकाल राज्य के लिए वित्तीय अस्थिरता का समय था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कुप्रबंधन के कारण राज्य की अर्थव्यवस्था को जो क्षति पहुँची थी, भाजपा सरकार ने अपने कुशल प्रबंधन से उसे पुनः पटरी पर लाने का काम किया है। वित्तीय चुनौतियों के बावजूद 1.72 लाख करोड़ का भारी-भरकम बजट पेश करना सरकार की इच्छाशक्ति को दर्शाता है। चेतन साहू ने विश्वास जताया कि बजट में घोषित योजनाओं का धरातल पर शीघ्रता से कार्यान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। इससे न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में मजबूती से खड़ा होगा। उन्होंने अंत में कहा कि यह बजट छत्तीसगढ़ की प्रगति के पथ पर एक नई ऊंचाई है, जो हर नागरिक के जीवन में खुशहाली लाएगा।
मोहला से योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट