लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अभ्यास करें सफलता अवश्य मिलेगी -नम्रता सिंह

लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अभ्यास करें, सफलता अवश्य मिलेगी – नम्रता सिंह
पेंदाकोडो स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम
मोहला, 9 मार्च 2026।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पेंदाकोडो स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर कलेक्टर तुलिका प्रजापति, सीईओ जिला पंचायत भारती चंद्राकर, जनपद सदस्य महेश कुंजाम सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, पालक एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।








कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह ने कहा कि आज का समय प्रतिस्पर्धा का है, इसलिए प्रत्येक छात्रा को अपना लक्ष्य तय कर नियमित अभ्यास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन में सफलता की कुंजी है और वर्तमान समय में करियर के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। छात्राओं को अपनी रुचि के अनुसार क्षेत्र चुनकर मेहनत करनी चाहिए और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते रहना चाहिए।
उन्होंने बालिकाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में हार नहीं माननी चाहिए। सभी छात्राएं एक परिवार की तरह हैं, इसलिए एक-दूसरे का सहयोग करें और आगे बढ़ने के लिए एक-दूसरे को प्रेरित करें। उन्होंने पालकों और शिक्षकों के सम्मान को भारतीय संस्कारों का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि शासन द्वारा महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है, जिसे पहचानकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से कहा कि यह समय आत्मनिर्माण का है, इसलिए दृढ़ संकल्प के साथ पढ़ाई करें और अपने पालकों के विश्वास पर खरा उतरते हुए समाज के लिए प्रेरणा बनें।
सीईओ जिला पंचायत भारती चंद्राकर ने कहा कि आज लड़कियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने छात्राओं से दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ अध्ययन करने और अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
बालिकाओं ने मनाया जन्मदिन, काटा केक
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में इस माह जन्मदिन पड़ने वाली छात्राओं का जन्मदिन भी उत्साहपूर्वक मनाया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, कलेक्टर तुलिका प्रजापति, सीईओ भारती चंद्राकर तथा जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में छात्राओं ने केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
मानपुर से जिब्राइल खान की रिपोर्ट