Newsछत्तीसगढ़मोहला

जिले में हर माह 7तारीख को होगा आवास   एवं रोजगार दिवस का आयोजन – सीईओ जिला पंचायत

जिले में हर माह 7 तारीख को होगा आवास दिवस एवं रोजगार दिवस का आयोजन — सीईओ जिला पंचायत
मोहला, 8 जनवरी 2026।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं रोजगार से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनजागरूकता तथा समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिले में प्रत्येक माह की 7 तारीख को आवास दिवस एवं रोजगार दिवस का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत मार्री, विकासखंड मोहला में आवास दिवस एवं रोजगार दिवस का संयुक्त आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रीमती नम्रता सिंह, अध्यक्ष जिला पंचायत, श्रीमती गैन्दकुंवर ठाकुर, अध्यक्ष जनपद पंचायत मोहला तथा सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर की उपस्थिति रही। इस अवसर पर पंचायत में उपस्थित ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं एवं समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर ने बताया कि आवास दिवस का आयोजन प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों को योजना की जानकारी देने, निर्माण में आ रही समस्याओं के समाधान तथा आवास निर्माण कार्यों को समयबद्ध पूर्ण कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि PMAY-G के अंतर्गत हितग्राहियों को 90 दिवस की अकुशल श्रमिक मजदूरी का लाभ देते हुए आवास निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने, निर्माण सामग्री से संबंधित समस्याओं के समाधान, सामग्री बैंक की स्थापना एवं आवास कार्यों को प्राथमिकता देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के टोल फ्री नंबर 1800-233-1290 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। साथ ही आवास लाभार्थियों का वाचन, गृह प्रवेश, पूर्ण आवास हितग्राहियों का सम्मान एवं प्रमाण पत्र वितरण, किश्त हस्तांतरण, मनरेगा अंतर्गत 90 दिवस की मजदूरी राशि भुगतान तथा पंचायत पदाधिकारियों को विभिन्न विभागों के साथ अभिसरण संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।
रोजगार दिवस के अवसर पर विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) — VB-G राम जी योजना की जानकारी देते हुए सीईओ जिला पंचायत ने बताया कि यह शासन की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसे ग्रामीणों द्वारा सराहा जा रहा है। यह योजना मनरेगा का आधुनिक एवं उन्नत स्वरूप है, जिसका उद्देश्य वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं आजीविका के अवसरों को सुदृढ़ बनाना है।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत रोजगार दिवस 100 से बढ़ाकर 125 दिन कर दिए गए हैं तथा एक सप्ताह के भीतर मजदूरी भुगतान का प्रावधान किया गया है। साथ ही कार्य की मांग के बावजूद कार्य उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में भत्ता दिए जाने का प्रावधान भी किया गया है, जो ग्रामीणों के लिए एक सुरक्षा कवच के रूप में कार्य करेगा।
कार्यक्रम में डबरी निर्माण, तालाब सुदृढ़ीकरण, जल संरक्षण एवं आजीविका संवर्धन से जुड़े कार्यों पर भी चर्चा की गई। योजना के अंतर्गत धान की फसल के पीक सीजन में 60 दिनों तक सरकारी कार्य स्थगित रखने का प्रावधान किया गया है, जिससे कृषि कार्यों के दौरान मजदूरों की उपलब्धता बनी रहेगी और किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
ग्रामीणों ने कहा कि गांव में ही रोजगार उपलब्ध होने, समय पर मजदूरी भुगतान एवं मूलभूत सुविधाएं मिलने से पलायन में कमी आएगी, तथा यह योजना किसानों और मजदूरों दोनों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी।
मोहला से योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट

Back to top button
error: Content is protected !!