Newsछत्तीसगढ़मोहला

एकलव्य विद्यालय मारपीट मामला: प्राचार्य व हॉस्टल वॉर्डन हटाये गये, तीन शिक्षकों को नोटिस


एकलव्य विद्यालय मारपीट मामला: प्राचार्य व हॉस्टल वार्डन हटाए गए, तीन शिक्षकों को नोटिस
मोहला। केंद्रीय आवासीय विद्यालय एकलव्य में नाबालिग छात्रों के साथ मारपीट के मामले में प्रशासन ने प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए प्राचार्य एवं हॉस्टल वार्डन को पद से हटा दिया है। वहीं आरोपित एक पीटीआई सहित दो लेक्चरर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।


इधर, नाबालिग बच्चियों द्वारा जहर सेवन के प्रयास के मामले को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि इसे “पारिवारिक कलह” बताकर स्थानीय स्तर पर दबाने की कोशिश की जा रही है। इस बीच बाल संरक्षण आयोग की टीम ने विद्यालय परिसर पहुंचकर मामले का संज्ञान लिया है।
कलेक्टर तूलिका प्रजापति के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने विद्यालय में जांच की, जहां छात्रों ने लगातार हो रहे दुर्व्यवहार और मारपीट की शिकायतें दर्ज कराईं। जांच अभी जारी है। तहसीलदार अनुरिमा टोप्पो के अनुसार पीटीआई आकाश शर्मा, फिजिक्स लेक्चरर अनिल और हिंदी लेक्चरर पर्वत को नोटिस जारी किया गया है।
बाल संरक्षण आयोग अध्यक्ष वर्णिका शर्मा ने बताया कि प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर से तीन दिन में प्रतिवेदन मांगा गया है।

*मोहला से योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट

Back to top button
error: Content is protected !!